बढ़ती साइबर धोखाधड़ी और ऑनलाइन ठगी पर लगाम कसने के उद्देश्य से भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने डिजिटल लेनदेन को अधिक सुरक्षित व ग्राहक-केंद्रित बनाने के लिए नए नियम प्रस्तावित किए हैं। इन मसौदा नियमों पर 14 दिसंबर 2026 तक राय और सुझाव आमंत्रित किए गए हैं, जबकि इन्हें 1 जुलाई 2027 से अमल में लाने का लक्ष्य रखा गया है।
प्रस्ताव के तहत ग्राहकों को डिजिटल भुगतान से जुड़े कई नियंत्रण सीधे तौर पर मिलेंगे, जिससे संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में तुरंत कदम उठाना आसान हो जाएगा। इसकी प्रमुख व्यवस्था ‘स्टॉप स्विच’ है, जो आपात स्थिति में एक क्लिक पर बाहरी निकासी, नए भुगतान, नए ऑटो-डेबिट निर्देश और नए ऐप पर यूपीआई पंजीकरण को रोक देगा, जबकि खाते में पैसे आने, पूर्व निर्धारित ईएमआई, पुराने ऑटो-डेबिट और सामान्य बैंक शुल्कों पर इसका असर नहीं पड़ेगा।
इसके अतिरिक्त, ग्राहक अपनी सहूलियत के अनुसार दैनिक, एकमुश्त या किसी विशेष प्राप्तकर्ता व ऐप के लिए भुगतान सीमा तय कर सकेंगे, साथ ही समय के हिसाब से किसी चैनल को अस्थायी रूप से बंद रखने और कार्ड लेनदेन पर नियंत्रण का विकल्प भी मिलेगा; नए खातों में डिजिटल भुगतान सेवाएं शुरुआत में बंद रहेंगी और ग्राहक की अनुमति से सक्रिय होंगी।
बड़े लेनदेन के लिए वैकल्पिक ‘ट्रस्टेड पर्सन’ सुरक्षा व्यवस्था भी प्रस्तावित है, जिसमें 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के व्यक्ति को 24 घंटे के कूलिंग-ऑफ पीरियड के बाद जोड़ा जा सकेगा। तय सीमा से अधिक राशि के ट्रांसफर पर अलर्ट जाएगा और एक घंटे में स्वीकृति न मिलने या अस्वीकार होने पर भुगतान स्वतः रुक जाएगा, हालांकि नॉमिनी को खाते का बैलेंस, निवेश या एफडी देखने का अधिकार नहीं होगा और यह सुविधा यूपीआई, मर्चेंट भुगतान व ऑटो-डेबिट पर लागू नहीं होगी।